हरिद्वार , फरवरी 22 -- उत्तराखंड में हरिद्वार पुलिस द्वारा अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए चलाया जा रहा सत्यापन अभियान लगातार जारी है।
रविवार को कोतवाली रानीपुर पुलिस टीमों ने रानीपुर क्षेत्र के संजयनगर टिबड़ी एवं टिहरी विस्थापित कॉलोनी में सघन सत्यापन अभियान चलाया।
अभियान के दौरान पुलिस ने बाहरी व्यक्तियों, किरायेदारों, घरेलू नौकरों, मजदूरों, ठेली-फड़ संचालकों, कबाड़ियों तथा होटल-ढाबों में कार्यरत लोगों का सत्यापन किया। मौके पर कुल 46 व्यक्तियों का सत्यापन कराया गया। वहीं बिना सत्यापन किरायेदार एवं घरेलू नौकर रखने पर पुलिस अधिनियम के तहत छह मकान मालिकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 60 हजार रुपये के कोर्ट चालान किए गए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आपराधिक घटनाओं की रोकथाम और क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नियमित रूप से चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान मकान मालिकों को अपने किरायेदारों और घरेलू कर्मचारियों का अनिवार्य रूप से सत्यापन कराने के लिए जागरूक भी किया गया।
पुलिस टीम ने होटल एवं ढाबों में कार्यरत कर्मचारियों को भी तत्काल सत्यापन कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना सत्यापन किसी भी बाहरी व्यक्ति को रखने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित