हरिद्वार , अप्रैल 02 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में बुधवार देर रात हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे पर एक कार और बाइक की भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, कांगड़ी निवासी प्रवेश किमोठी अपने दो साथियों के साथ बाइक पर जा रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आती कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल प्रवेश को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण भारी संख्या में पुलिस चौकी पहुंचे। उग्र भीड़ ने आरोपी चालक के साथ मारपीट की और चौकी परिसर में तोड़फोड़ कर दी। पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन भीड़ शांत नहीं हुई।

इस मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी और श्यामपुर कोतवाली प्रभारी मनोहर भंडारी मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। देर रात तक भीड़ चौकी पर मौजूद रही, जिससे क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित