हरिद्वार , मई, 16 -- उत्तराखंड में जनपद हरिद्वार को निर्यात के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने प्रयास तेज कर दिए हैं। इसी कड़ी में शनिवार को जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी मयूर शिक्षित की अध्यक्षता में जिला निर्यात प्रोत्साहन समिति (डीईपीसी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में "डिस्ट्रिक्ट्स ऐज़ एक्सपोर्ट हब (डीईएच)" योजना के तहत जिला निर्यात कार्ययोजना (डीईएपी) की समीक्षा एवं उसे और प्रभावी बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में वर्तमान निर्यात कार्ययोजना की प्रगति का आकलन करते हुए आवश्यक संशोधन एवं सुधार संबंधी सुझावों पर विचार किया गया। इस दौरान टेक्सटाइल सेक्टर के लिए तैयार जिला निर्यात कार्ययोजना का प्रस्तुतीकरण भी किया गया, जिस पर संबंधित विभागों एवं उद्योग प्रतिनिधियों ने अपने सुझाव दिए।
जिलाधिकारी ने जनपद में निर्यात को बढ़ावा देने के लिए संभावित एमएसएमई ,स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी)) तथा किसान उत्पादक संगठनों की पहचान कर उन्हें निर्यात गतिविधियों से जोड़ने पर बल दिया। साथ ही प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम , मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना सहित विभिन्न योजनाओं में निर्यात उन्मुख इकाइयों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित