हरिद्वार , मई, 12 -- उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद की कोतवाली लक्सर पुलिस ने मंगलवार को सुल्तानपुर क्षेत्र में बंद मकान में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकदी और जेवरात बरामद कि, जिनकी कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, 10 मई को मेहरबान अली पुत्र महमूद निवासी सुल्तानपुर ने कोतवाली लक्सर में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोर उनके घर से नकदी और जेवरात चोरी कर ले गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने तत्काल घटना की जांच के निर्देश दिए, जिसके बाद प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया गया।

लगातार की गई मैनुअल और डिजिटल पुलिसिंग, संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी तथा सघन जांच के बाद पुलिस ने आज दो आरोपियों शौकीन उर्फ पौसा और साकिब उर्फ काला को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी की घटना स्वीकार करते हुए बताया कि वे पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं और नशे व निजी जरूरतों को पूरा करने के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।

पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी कई दिनों से पीड़ित के घर की रेकी कर रहे थे। घटना वाले दिन जब उन्हें पता चला कि घर का मालिक काम से बाहर गया है और परिवार भी घर पर नहीं है, तब दोनों ने दीवार फांदकर घर में प्रवेश किया और अलमारी का लॉक तोड़कर नकदी व जेवरात चोरी कर लिए।

पुलिस ने आरोपी शौकीन उर्फ पौसा के कब्जे से 18 हजार रुपये नकद, एक पीली धातु का लॉकेट और एक चैन बरामद की है। वहीं साकिब उर्फ काला के पास से 38 हजार 800 रुपये नकद, तीन जोड़ी पायल और तीन लौंग बरामद हुई हैं।मामले में कोतवाली लक्सर में मुकदमा पंजीकृत किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित