हरिद्वार , मई, 10 -- उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद में अपराध नियंत्रण एवं सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत कोतवाली रानीपुर पुलिस ने रविवार को क्षेत्र में व्यापक सत्यापन अभियान चलाया।
अभियान के दौरान बिना सत्यापन किरायेदार रखने वाले नौ मकान मालिकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 90 हजार रुपये का चालान किया गया जबकि सत्यापन न कराने वाले छह बाहरी एवं संदिग्ध व्यक्तियों का भी चालान किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने अशोक वाटिका कॉलोनी, सांईधाम कॉलोनी, प्रीत विहार कॉलोनी, औद्योगिक क्षेत्र तथा सुमननगर क्षेत्र में सघन सत्यापन अभियान चलाया। इस दौरान बाहरी व्यक्तियों, किरायेदारों, घरेलू नौकरों, मजदूरों, रेहड़ी-ठेली संचालकों और कबाड़ियों का सत्यापन किया गया।
पुलिस टीमों द्वारा अभियान के दौरान कुल 185 लोगों का मौके पर सत्यापन कराया गया। वहीं बिना सत्यापन किरायेदार एवं घरेलू नौकर रखने वाले मकान मालिकों के विरुद्ध पुलिस अधिनियम की धारा 83 के तहत कार्रवाई करते हुए 90,000 रुपये के कोर्ट चालान किए गए। इसके अलावा स्वयं का सत्यापन नहीं कराने वाले छह बाहरी एवं संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ धारा 81 पुलिस अधिनियम के अंतर्गत 1500 रुपये के नगद चालान किए गए।
पुलिस ने अभियान के दौरान क्षेत्रवासियों को किरायेदारों एवं घरेलू सहायकों का शत-प्रतिशत सत्यापन कराने के लिए जागरूक भी किया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित