हरिद्वार , जुलाई, 22 -- उत्तराखंड में हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बुधवार को तहसील कार्यालय लक्सर का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने लंबित राजस्व वादों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, आमजन की शिकायतों के त्वरित समाधान, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान, मानसून की तैयारियों, कांवड़ मेले की व्यवस्थाओं तथा स्वच्छता अभियान की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी अनिल कुमार शुक्ला को निर्देशित किया कि तहसील न्यायालयों में लंबे समय से लंबित राजस्व वादों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि न्यायिक मामलों की नियमित समीक्षा कर अनावश्यक लंबित प्रकरणों का समयबद्ध समाधान किया जाए, ताकि लोगों को समय पर न्याय मिल सके।

उन्होंने कहा कि तहसील कार्यालय में अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आने वाले लोगों के साथ संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। प्रत्येक शिकायत और प्रार्थना पत्र का गंभीरता से परीक्षण कर तय समय सीमा के भीतर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं पारदर्शी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाएं तथा अभियान की नियमित निगरानी की जाए।

मानसून की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने जलभराव संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, जल निकासी की समुचित व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

आगामी कांवड़ मेले को लेकर उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। यातायात, पेयजल, विद्युत, चिकित्सा, सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त रखने पर जोर देते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि कांवड़ मार्ग पर भंडारों को एक ही स्थान पर अनुमति देने के बजाय तीन से चार किलोमीटर की दूरी पर स्थापित कराया जाए, जिससे व्यवस्थाएं सुचारु बनी रहें।

जिलाधिकारी ने जनपद में चल रहे स्वच्छता अभियान में और तेजी लाने पर भी बल दिया। उन्होंने सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, कार्यालय परिसरों तथा प्रमुख मार्गों पर नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित