हरिद्वार , मई, 10 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार अभियान के अंतर्गत रविवार को कोतवाली गंगनहर पुलिस ने गौकशी में लिप्त दो अपराधियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपितों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, जनपद में अवैध गतिविधियों में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली गंगनहर क्षेत्र के ग्राम सफरपुर निवासी ऐसे व्यक्तियों को चिन्हित किया गया, जिनके विरुद्ध पूर्व में गौकशी के मामले दर्ज हैं और वर्तमान में भी वे अवैध गतिविधियों में सक्रिय पाए गए।

प्रभारी निरीक्षक मणि भूषण श्रीवास्तव के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सुभान पुत्र घसीटा तथा अब्बास पुत्र अल्लादिया निवासी ग्राम सफरपुर, कोतवाली गंगनहर, हरिद्वार के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपितों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है तथा कार्रवाई जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित