हरिद्वार , मार्च 15 -- उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद में भगवानपुर थाना पुलिस ने रविवार को एक आरोपी को भारी मात्रा में कथित गोमांस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस मामले में शामिल कुल आठ लोगों के विरुद्ध गोवंश संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए दबिश तेज कर दी है।

पुलिस को मुखबिर से जानकारी मिली कि मानूबास के पास घाट की ओर जाने वाली सड़क पर ग्राम सिकरोडा के कुछ निवासी कथित मांस को मोटरसाइकिलों के जरिए हद्दीपुर से सिकरोडा की ओर ले जा रहे हैं। सूचना पर त्वरित प्रतिक्रिया देते हुए भगवानपुर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की और सघन तलाशी अभियान शुरू किया।

पुलिस की इस छापेमारी के दौरान तौफिक पुत्र शफीक, निवासी सिकरोडा को पुलिस ने एक मोटरसाइकिल सहित मौके पर ही धर दबोचा। हालांकि, इस दौरान गिरोह के अन्य सदस्य अंधेरे और भौगोलिक स्थिति का लाभ उठाकर मौके से फरार होने में सफल रहे। पुलिस ने जब पकड़े गए आरोपी की तलाशी ली, तो उसके पास मौजूद नीले रंग के प्लास्टिक कट्टे से लगभग 60 किलोग्राम संदिग्ध गोमांस बरामद हुआ। पुलिस ने बरामद मांस और तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को तत्काल प्रभाव से अपने कब्जे में ले लिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित