पटना , जून 05 -- र्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के मंत्री डॉ.रामचंद्र प्रसाद ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण सिर्फ सरकार की जिम्मेदारी नहीं है,बल्कि इसमें आम लोगों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के अंतर्गत पटना जू में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विभागीय मंत्री ने हरित और स्वस्थ बिहार एवं स्वच्छ भारत के निर्माण में लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की। इस अवसर पर माननीय मंत्री डॉ. रामचंद्र प्रसाद ने रुद्राक्ष का पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि यह केवल एक पौधा लगाने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति के संरक्षण और भावी पीढ़ियों के लिए सुरक्षित एवं स्वच्छ पर्यावरण सुनिश्चित करने का संकल्प लेने का दिवस है।

कार्यक्रम के दौरान प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन बल प्रमुख) अरविंदर सिंह ने कहा कि वर्ष 2026-27 में राज्य में हरित आवरण बढ़ाने के लिए पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से पांच करोड़ पौधारोपण का लक्ष्य रखा गया है। इस अवसर पर राज्य में पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले 10 पर्यावरणविदों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए मंत्री ने स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक-सह-मुख्य वन्य प्राणी प्रतिपालक अभय कुमार, अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (कैम्पा) सुरेंद्र सिंह, मुख्य वन्य संरक्षक (आईटी) एस. चंद्रशेखर, विशेष सचिव आलोक कुमार, बिहार राज्य जैव विविधता परिषद् के सचिव,अमित कुमार, वन संरक्षक (मुख्यालय) सत्यजीत कुमार एवं पटना जू के निदेशक हेमंत पाटील सहित विभाग तथा पटना जू के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित