भरतपुर , मई 01 -- राजस्थान में डीग जिले में प्रस्तावित पला हरित क्षेत्र हवाई अड्डे को लेकर उतेजित किसानों और ग्रामीणों ने शुक्रवार को प्रदर्शन करके सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार इससे पूर्व कुम्हेर उपखंड के पला गांव में आयोजित एक महापंचायत में बड़ी संख्या में एकत्रित क्षेत्र के ग्रामीण एकत्रित हुए और 29 अप्रैल को जारी किए गए जमीन अधिग्रहण सर्वेक्षण की अधिसूचना के विरोध में कहा कि गांव से विस्थापन को स्वीकार नहीं किया जायेगा। ग्रामीणों ने कहा कि किसी भी कीमत पर पला गांव का अस्तित्व खत्म नहीं होने दिया जाएगा।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि इस क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति एक बड़े हरित क्षेत्र हवाई अड्डे के निर्माण के लिए तकनीकि और सामाजिक रूप से उपयुक्त नहीं है, क्योंकि इससे हजारों किसानों की उपजाऊ भूमि और पुश्तैनी घर छिन जाएंगे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि सरकार ने सर्वेक्षण और अधिग्रहण की प्रक्रिया को जल्द नहीं रोका तो आने वाले दिनों में उग्र जन-आंदोलन किया जायेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित