जगदलपुर , अगस्त 09 -- मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी में असफलता से निराश होकर आत्महत्या करने वाली जगदलपुर की छात्रा हरिका राव नायडू के परिवार से कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के छत्तीसगढ़ प्रमुख महेंद्र भारद्वाज ने मुलाकात की और केंद्र एवं राज्य सरकार से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की।

श्री भारद्वाज जगदलपुर के आड़ावाल स्थित हरिका के घर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सीजेपी इस मामले को आगे उठाएगा और पीड़ित परिवार के साथ खड़ा रहेगा।

उन्होंने कहा कि नीट-यूजी जैसी महत्वपूर्ण परीक्षाओं की व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित किए जाने की आवश्यकता है। यह केवल हरिका का मामला नहीं है, बल्कि उन तमाम युवाओं से जुड़ा विषय है, जो परीक्षा और व्यवस्था के दबाव का सामना कर रहे हैं।

सीजेपी ने अगस्त-सितंबर से 'क्या बोलती पब्लिक अभियान' शुरू करने की बात कही है। पार्टी के अनुसार अभियान के माध्यम से शिक्षा, रोजगार और अन्य लोकतांत्रिक मुद्दों पर युवाओं तथा आम लोगों की राय सामने लाई जाएगी।

भारद्वाज ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार केवल परीक्षाओं तक सीमित नहीं होना चाहिए। स्कूलों में पर्याप्त शिक्षक, किताबें, आवश्यक संसाधन और विद्यार्थियों के लिए बेहतर वातावरण सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित