हरदोई , सितंबर 11 -- उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में हरदोई-सीतापुर मार्ग पर थाना बेनीगंज जिला के शहबादपुर गांव के पास गुरुवार रात करीब साढ़े दस बजे तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार सास और दामाद की मौत हो गई।
हादसे में सांडी थाना क्षेत्र के नोनखारा निवासी गुड्डी (45) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके दामाद हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के शेखपुर निवासी सुरजीत (25) ने मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसा इतना भीषण था कि सुरजीत का एक हाथ शरीर से अलग होकर करीब 30 मीटर दूर जा गिरा। दुर्घटना के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार दोनों दिल्ली की एक निजी फैक्टरी में काम करते थे और सोमवार को ही परिवार के साथ गांव लौटे थे। गुरुवार को सुरजीत बाइक से गुड्डी को दवा दिलाने हरदोई लाए थे। दवा लेने के बाद दोनों टड़ियावां में गुड्डी की बहन मीना के घर जा रहे थे। रास्ता भटकने के कारण वे सीतापुर मार्ग की ओर चले गए, जहां शहबादपुर के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
कोतवाल अतुल सिंह ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर-ट्रॉली कब्जे में ले ली गई है और परिजनों की शिकायत के आधार पर चालक की तलाश एवं आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित