हरदोई , मार्च 10 -- उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में शाहाबाद थाना पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की संयुक्त टीम ने हत्या के मामले में करीब 13 वर्ष से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शाहाबाद पुलिस और एसटीएफ कानपुर नगर की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी विपिन सिंह उर्फ राजू निवासी मोहल्ला खेड़ा अजमत खां, कस्बा व थाना शाहाबाद, जनपद हरदोई को गिरफ्तार किया।
उन्होंने बताया कि आरोपी वर्ष 2013 में दर्ज हत्या और गाली-गलौज के मुकदमे में वांछित था और करीब 13 वर्षों से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस महानिरीक्षक लखनऊ परिक्षेत्र द्वारा 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस ने आरोपी को आंझी रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन और 670 रुपये नकद बरामद हुए हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास तथा गैंगस्टर एक्ट सहित कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसे गिरफ्तार कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित