हरदोई , मार्च 28 -- उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले के सुरसा थाना क्षेत्र में मामूली विवाद के बाद हुए हिंसक झड़प और दोहरे हत्याकांड के आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में दो आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि ढोलिया गांव में शुक्रवार को दो पक्षों के बीच विवाद के दौरान एक पक्ष के देवी सहाय पांडेय (70) की पिकअप की टक्कर से मौत हो गई थी। इसके बाद आक्रोशित परिजनों ने दूसरे पक्ष के दो सगे भाइयों शिवम और अमन पर हमला कर दिया, जिसमें एक की मौके पर ही तथा दूसरे की अस्पताल में मौत हो गई।
घटना के बाद शिवम और अमन की हत्या के आरोपी देवी सहाय के पुत्र फरार हो गए थे, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें लगी थीं। इसी क्रम में शनिवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे मुखबिर से सूचना मिली कि तीनों आरोपी मोटरसाइकिल से बिलग्राम की ओर भाग रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने हरदोई-बिलग्राम रोड पर मझिला पुल के पास घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई। इस दौरान अतुल पांडेय और अनूप पांडेय के पैर में गोली लगी, जबकि नीरज पांडेय को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर और 12 बोर के तमंचे, जिंदा कारतूस, खोखे, घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड तथा मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल आरोपियों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर निगरानी बढ़ा दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित