हरदोई , फ़रवरी 20 -- उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में शुक्रवार को सिंघाड़ा निकालने तालाब गई तीन किशोरियां अचानक गहरे पानी में डूब गईं। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए एक किशोरी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया जबकि दो की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। फिलहाल चार घंटे से अधिक समय के बाद भी दोनों का कोई पता नहीं चल सका है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कोतवाली पिहानी क्षेत्र के रामपुर दहेलिया गांव में यह घटना उस समय हुई जब दिन में करीब साढ़े ग्यारह बजे गांव के गंगासागर की 12 वर्षीय बेटी आरुषि,कमलेश की 13 वर्षीय बेटी प्रियंका और उनकी 14 वर्षीय सहेली जान्हवी तालाब से सिंघाड़ा निकाल रही थीं।
बताया जा रहा है कि किनारे पर पैर फिसलने से एक किशोरी गहरे पानी में चली गई और उसे बचाने के प्रयास में बाकी दोनों भी असंतुलित होकर डूब गईं। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और एक किशोरी को बाहर निकाल लिया,जिसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। वहीं प्रियंका और आरुषि की तलाश के लिए पुलिस और स्थानीय गोताखोर लगातार सर्च अभियान चला रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित