हरदोई , अक्टूबर 2 -- उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में बीती 27 सितम्बर को लखनऊ के सर्राफा कारोबारी से पांच किलो चांदी लूटने की सनसनीखेज वारदात का हरदोई पुलिस ने खुलासा कर दिया है।

शाहाबाद पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में मध्यरात्रि बाद चार शातिर लुटेरे गिरफ्तार किए गए हैं। इनमें दो बदमाश पुलिस मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से घायल हुए हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2.25 किलो लूटी गई चांदी, दो .315 बोर के तमंचे, चार जिंदा कारतूस, दो खोखे और वारदात में इस्तेमाल बिना नंबर की कार बरामद की है। दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।

दरअसल बीती 27 सितंबर को लखनऊ के ठाकुरगंज निवासी सर्राफा कारोबारी हृदयराम सोनी अपने चालक करन के साथ वैगनआर कार से शाहजहांपुर गए थे। कारोबारी के पास दो अलग-अलग बैग में एक बैग में 5 किलो और दूसरे बैग में 12.5 किलो कुल 17.5 किलो चांदी थी।वापसी के दौरान हाईवे पर शाहाबाद थाना क्षेत्र में बजरी प्लांट के पास स्विफ्ट डिजायर सवार चार बदमाशों ने उनकी कार को ओवरटेक कर रोक लिया।बदमाशों ने कार का शीशा तोड़ा और कारोबारी की आंखों में लाल मिर्च पाउडर झोंक दिया। इसके बाद हथियारों के बल पर 5 किलो चांदी से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। वारदात के दौरान बदमाशों ने ड्राइवर करन के साथ भी मारपीट का नाटक किया, ताकि किसी को उस पर शक न हो।

पुलिस की जांच आगे बढ़ी तो इस वारदात की सबसे अहम कड़ी कारोबारी का ड्राइवर करन निकला। रास्ते में वह लगातार फोन पर बात कर रहा था, जिस पर कारोबारी को शक भी हुआ था। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि करन ने इंटरनेट कॉलिंग के जरिए अपने साथियों को कारोबारी के रूट, समय और चांदी की जानकारी दी थी। उसने अपने साथियों को इस लूट के लिए तैयार किया और कारोबारी के लौटने के दौरान बदमाशों ने पूरी योजना के मुताबिक वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस के मुताबिक 1/2 अक्टूबर की रात में मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने शाहाबाद बाईपास पर बिना नंबर प्लेट वाली संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, कार सवार बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुशील यादव निवासी सिधौली, बाराबंकी, हाल पता डूडा कॉलोनी, ठाकुरगंज, लखनऊ और विमल यादव निवासी लीलाखेड़ा, दुबग्गा, लखनऊ के पैर में गोली लगी। दोनों को गिरफ्तार कर मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया।पुलिस ने मौके से अमन निवासी बनियाखेड़ा, दुबग्गा, लखनऊ और लूट की साजिश रचने वाले ड्राइवर करन निवासी गऊघाट, ठाकुरगंज, लखनऊ को भी गिरफ्तार कर लिया। हालांकि,गिरोह के दो अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित