हरदोई , अप्रैल 10 -- उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र में कुन्दौली गांव के पास गुरुवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार चाचा-भतीजे की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि दरवेशपुर गांव निवासी संजेश (35) अपने भतीजे शिवम कुमार (22) के साथ बाइक से कपड़े लेने के लिए एक दर्जी के यहां जा रहे थे। इसी दौरान रात करीब साढ़े नौ बजे हरदोई-रद्देपुरवा मार्ग पर किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
इस हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें तत्काल हरदोई मेडिकल कॉलेज भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित