हरदोई , मार्च 11 -- उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में शहर कोतवाली क्षेत्र के खजांची टोला मोहल्ले में बुधवार को संदिग्ध परिस्थितियों में 14 वर्षीय किशोरी की मौत हो गयी।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि मोहल्ला खजांची टोला निवासी रवि की पुत्री परी (14) शहर के एक निजी विद्यालय में कक्षा छह की छात्रा थी। बुधवार को उसकी मां पूजा अष्टमी की पूजा करने के लिए घर से बाहर गई हुई थीं। परिजनों के अनुसार जब मां पूजा घर वापस लौटीं तो परी घर के अंदर बेहोशी की हालत में पड़ी मिली। यह देख परिवार में हड़कंप मच गया। परिजन उसे तुरंत शहर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताते हुए मेडिकल कॉलेज हरदोई स्थित जिला अस्पताल भेज दिया।

जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद किशोरी को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि जिला अस्पताल से मिली सूचना के आधार पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित