हरदोई , सितम्बर 30 -- उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले के बिलग्राम कस्बे के सबसे व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र सदर बाजार स्थित बिट्टू शॉपिंग मॉल में बुधवार तड़के अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की गगनचुंबी लपटों ने पूरे मॉल को अपनी आगोश में ले लिया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप और दहशत फैल गई। इस भीषण अग्निकांड में मॉल के अंदर रखा करीब 80 से 90 लाख रुपये मूल्य का सामान जलकर खाक होने की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस ने बताया कि बिलग्राम कस्बे में बिट्टू शॉपिंग माल में आग लगने की घटना की सूचना तब मिली जब तड़के करीब तीन बजे माल से धुंए का गुबार के साथ आग की लपटें उठी। घटना की सूचना मिलते ही व्यापारियों में अफरा तफरी मच गई।व्यापारी मौके पर पहुंचे और आसपास की दुकानें भी खाली कराई गई।आग लगने की सूचना पाकर स्थानीय कोतवाली पुलिस और दमकल विभाग की टीमें हरकत में आईं।

आग की भयावहता को देखते हुए बिलग्राम और सवायजपुर दोनों थानों की फायर ब्रिगेड गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया।दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच लगातार 5 घंटे तक कड़ी मशक्कत की जिसके बाद आखिरकार आग पर काबू पाया जा सका। जिस वक्त मॉल धू-धू कर जल रहा था, उस समय आसपास की दुकानों और रिहायशी मकानों पर भी बड़ा खतरा मंडराने लगा था।

कोतवाली पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आनन-फानन में आसपास की सभी दुकानों को खाली कराया और सुरक्षा घेरा बनाकर भीड़ को नियंत्रित किया। मॉल के मालिक और सैकड़ों व्यापारी रात भर घटनास्थल पर डटे रहे।शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी आग लगने के सही कारणों की गहनता से जांच कर रहे हैं। गनीमत यह रही कि इस भीषण हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन व्यापारी का भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित