हरदोई , जुलाई 4 -- उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी 2026) के दौरान हरदोई में फर्जीवाड़े का बड़ा मामला सामने आया है। शनिवार को परीक्षा के अंतिम दिन शहर के आर्य कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर परीक्षा देने पहुंचे एक अभ्यर्थी की बायोमैट्रिक केवाईसी के दौरान पहचान संदिग्ध मिली। जांच आगे बढ़ी तो पता चला कि युवक ने न सिर्फ अपनी जन्मतिथि बदली, बल्कि नाम और पिता का नाम तक बदलकर नए दस्तावेज तैयार करा लिए थे। इसके लिए उसने दो बार हाईस्कूल की परीक्षा दी और नयी हाईस्कूल की परीक्षा के दस्तावेजों के सहारे वह यूपी-टीईटी परीक्षा देने पहुंचा था लेकिन बायोमेट्रिक केवाईसी के दौरान उसकी दोनों मार्कशीट सामने आ गयी जिसके बाद परीक्षा खत्म होने के बाद उसे हिरासत में लिया गया है। मामला सामने आने के बाद केंद्र व्यवस्थापिका की तहरीर पर कोतवाली शहर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। आर्यकन्या इंटर कालेज में यूपीटेट की केंद्र व्यवस्थापिका एवं प्रधानाचार्या मंजू तिवारी के मुताबिक कन्नौज जिले के विशुनगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बखारी निवासी युवक परीक्षा देने आया था। जांच में सामने आया कि उसका पहला नाम अमित कुमार यादव पुत्र कमलेश यादव था। आरोप है कि उसने पहली बार मेरठ से हाईस्कूल परीक्षा पास की थी, जिसमें उसकी जन्मतिथि 15 जून 1995 दर्ज थी। इसके बाद उसने कथित तौर पर जन्मतिथि बदलकर 4 अप्रैल 2002 करा ली और नाम बदलकर आकाश कुमार यादव पुत्र कैलाश चंद्र यादव कर लिया। फिर दूसरी बार कन्नौज से हाईस्कूल परीक्षा पास की। इसी कन्नौज वाली उम्र के आधार पर वो परीक्षा देने पहुंचा था।

परीक्षा केंद्र पर जब सुरक्षा एजेंसी ने बायोमैट्रिक केवाईसी कराई तो उसका सत्यापन नहीं हो सका। बायोमैट्रिक मिसमैच होने के बाद अभ्यर्थी के दस्तावेजों की बारीकी से जांच की गई, जिसमें नाम, पिता के नाम और जन्मतिथि में गंभीर विसंगतियां सामने आईं। आरोप है कि युवक इन्हीं बदले हुए दस्तावेजों के सहारे शिक्षक पात्रता परीक्षा में शामिल होने पहुंचा था।

पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि वह पुलिस में भर्ती होना चाहता था, इसलिए उम्र सीमा का फायदा लेने के लिए उसने जन्मतिथि बदलकर दोबारा हाईस्कूल किया। उसने यह भी बताया कि इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर वह पहले पुलिस भर्ती परीक्षा, होमगार्ड भर्ती परीक्षा और अब यूपी-टीईटी में शामिल हुआ था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित