हरदोई , अप्रैल 26 -- उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में लोनार थाना क्षेत्र के जगदीशपुर कस्बे में हरदोई फर्रुखाबाद मार्ग पर रविवार सुबह करीब 11 बजे एक बेकाबू कंटेनर ने भीषण कहर बरपा दिया।
फर्रुखाबाद की ओर से हरदोई जा रहा कंटेनर सबसे पहले सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकराया, लेकिन इसके बाद भी चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं कर सका। तेज रफ्तार कंटेनर सीधे जगदीशपुर कस्बे में घुसा और सड़क किनारे खड़े व चल रहे कई वाहनों और लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में एक करीब 40 वर्षीय अज्ञात महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 11 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लोनार थाने के हरदोई फर्रुखाबाद मार्ग पर जगदीशपुर गांव में कंटेनर ने सबसे पहले एक ऑटो को टक्कर मारी, जिसमें सवार लोग घायल हो गए। इसके बाद फल के ठेलों को रौंदते हुए आगे बढ़ा और एक दिव्यांग व्यक्ति की ट्राई साइकिल को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद कंटेनर ने दो ई-रिक्शा, एक अन्य ऑटो और एक पिकअप वाहन को भी जोरदार टक्कर मारी। इस दौरान सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित