हरदोई , सितंबर 28 -- उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में भारी बारिश के कारण जहां बड़ी संख्या में कच्चे मकान जमींदोज हो गए, वहीं बावन ब्लॉक के अनंग बेहटा गांव में एक पक्का मकान धीरे-धीरे धंसने लगा। बेसमेंट में पानी भरने से मकान का सपोर्ट सिस्टम प्रभावित हुआ और कॉलम टूटने के बाद भवन की स्थिति बेहद खतरनाक हो गई। मकान के अचानक धंसने के बाद उसमें रहने वाले लोग बाहर आ गए और मामले की जानकारी प्रशासन को दी।

सोमवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के अनंग बेहटा गांव में आबादी के बीच अजीत कुमार का पक्का मकान भारी बारिश के बाद धीरे-धीरे धंसने लगा। मकान मालिक अजीत कुमार ने बताया कि उनके मकान से सटे हिस्से में मोहम्मद आरिफ की पेपर कप फैक्ट्री संचालित हो रही थी। उनके मुताबिक, फैक्ट्री में करीब पांच मशीनें लगी थीं, जिनमें प्रत्येक का वजन लगभग ढाई टन था।

अजीत का आरोप है कि मशीनों को हाइड्रा की मदद से हटाने के दौरान बेसमेंट के कॉलम क्षतिग्रस्त हो गए। इसके बाद मकान धीरे-धीरे नीचे बैठने लगा। उन्होंने बताया कि बेसमेंट में पानी भरने से स्थिति और बिगड़ गई और मकान के गिरने का खतरा पैदा हो गया। मकान के अचानक धंसने के बाद अजीत का पूरा परिवार गृहस्थी का सामान छोड़कर बाहर आ गया और मामले की जानकारी जिला प्रशासन को दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित