हरदोई , जनवरी 12 -- उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले के पाली थाना परिसर में सोमवार सुबह करीब साढ़े दस बजे एक महिला की उसके पति ने पुलिस अभिरक्षा में गोली मार कर हत्या कर दी।
महिला चार दिन पूर्व अपने प्रेमी के साथ घर से चली गयी थी जिसकी रिपोर्ट उसके पति ने थाने में दर्ज कराई थी ,पुलिस ने कल महिला को बरामद किया था और आज सुबह उसका पति अपने भाई के साथ महिला से मिलने आया था जहां महिला को खाना ले जाते समय उसने पीछे से गोली मार दी। महिला को उपचार के लिए मेडिकल कालेज लाया गया जहां उसकी मौत हो गयी। पुलिस ने आरोपी पति और उसके भाई को हिरासत में लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित महिला बीती सात जनवरी को अपने प्रेमी के साथ घर से चली गई थी, पति ने सुरजीत निवासी बख्तावर गंज जिला शाहजहांपुर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। पुलिस द्वारा रविवार को महिला को बरामद कर थाने लाया गया था। सोमवार सुबह करीब 10:45 बजे महिला का पति आया और महिला को देखकर अपना आपा खो बैठा, जिसके बाद पति ने अचानक तमंचा निकालकर महिला को गोली मार दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित