हरदोई , अक्टूबर 09 -- उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले के बघौली थाना क्षेत्र के तिलकपुरवा गांव में पत्नी से विवाद के बीच एक युवक की गोली लगने से मौत हो गई। शुक्रवार सुबह उसका रक्तरंजित शव कमरे में मिला। शव के पास लाइसेंसी बंदूक पड़ी मिली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, गांव निवासी अमरेश सिंह दिल्ली में एक निजी कंपनी में काम करते थे। वह घर में आयोजित शिवपुराण कथा में शामिल होने के लिए दिल्ली से आए थे। गुरुवार शाम बाइक से लौटने के दौरान उनकी बाइक भैंस से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। घर पहुंचने पर इसी बात को लेकर उनका पत्नी रीना से विवाद हुआ। परिजनों ने दोनों को समझाकर शांत करा दिया, जिसके बाद अमरेश अपने कमरे में सोने चले गए।
शुक्रवार सुबह उनका शव कमरे में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। थाना प्रभारी प्रशांत द्विवेदी ने बताया कि गोली लगने से मौत होने की आशंका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित