हरदोई , सितम्बर 21 -- उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले के बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र में सोमवार तड़के एक युवक ने अपनी पत्नी को गोली मार कर घायल कर दिया।

बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के कोइलहा गांव में सोमवार सुबह गंभीर नामक व्यक्ति ने अपनी पत्नी साधना को तमंचे से गोली मार दी। गोली लगते ही साधना लहूलुहान होकर गिर पड़ी। वारदात के बाद आरोपी पति घर में हंगामा करता रहा और परिजनों को भी धमकाया। इसके बाद मौका पाकर फरार हो गया। गंभीर हालत में साधना को हरदोई मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे लखनऊ के केजीएमयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। पति पत्नी के बीच विवाद की वजह अभी सामने नहीं आई है पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

बताया गया कि गंभीर और साधना की शादी करीब 15 साल पहले हुई थी। दोनों के तीन बच्चे हैं। पति-पत्नी बच्चों के साथ मकान के एक हिस्से में अलग रहते हैं। सोमवार तड़के परिवार के लोग सो रहे थे, तभी कमरे से साधना के रोने और चीखने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर परिजन दौड़े तो साधना घायल हालत में पड़ी मिली। आरोप है कि गंभीर ने गोली मारने के बाद परिजनों से गाली-गलौज की और उन्हें भी जान से मारने की धमकी दी।

परिजनों और ग्रामीणों ने किसी तरह गंभीर को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह मौका पाकर भाग निकला। साधना के ससुर राजकुमार, सास सीमा और ननद रीना उसे एंबुलेंस से अस्पताल लेकर पहुंचे। फिलहाल गोली मारने की वजह साफ नहीं हो सकी है। परिजनों के मुताबिक पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद और मारपीट होती थी। साधना का मायका सीतापुर जिले के नैमिषारण्य थाना क्षेत्र के भैरमपुर गांव में है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपी गंभीर की तलाश में जुटी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित