हरदोई , अक्टूबर 24 -- उत्तर प्रदेश के खाद्य एवं रसद विभाग के प्रमुख सचिव अनिल कुमार ने शनिवार दोपहर जिले की सण्डीला मंडी स्थित धान क्रय केंद्र का निरीक्षण कर खरीद व्यवस्था का जायजा लिया।

उन्होंने केंद्र पर किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, धान की तौल, गुणवत्ता परीक्षण, अभिलेखों के रखरखाव और खरीद प्रक्रिया की प्रगति की जानकारी ली। प्रमुख सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा शासन के निर्धारित मानकों के अनुरूप पारदर्शी तरीके से धान की खरीद सुनिश्चित की जाए।

प्रमुख सचिव ने क्रय केंद्र पर किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान करने, आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने और धान खरीद में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों को समय से भुगतान सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया, जिससे उन्हें अपनी उपज की बिक्री के बाद भुगतान के लिए परेशान न होना पड़े। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी न्यायिक राजेन्द्र कुमार, उप जिलाधिकारी सण्डीला नारायणी भाटिया, जिला खाद्य विपणन अधिकारी निहारिका सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित