हरदोई , अप्रैल 12 -- उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले के टड़ियावा थाना क्षेत्र के रसूलापुर गांव के पास आज सुबह शारदा नहर में नहाने गए तीन रिक्रूट पुलिस आरक्षी डूब गए जिनमे से दो को ग्रामीणों ने निकाल लिया जबकि एक की तलाश की जा रही है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि पुलिस लाइन से तीन रिक्रूट आरक्षी घरेलू सामान लेने के सुबह करीब दस बजे निकले थे जिसके बाद वो लोग टड़ियावां थाना क्षेत्र के रसूलापुर गांव के पास से निकली शारदा नहर में कुछ अन्य स्थानीय दोस्तों के साथ नहाने लग गए। नहाते समय तीनों डूबने लगे जिनमे से दो को तो बाहर निकाल लिया गया लेकिन एक गौरव उर्फ राजन तेज बहाव के कारण डूब गया।

घटना की जानकारी मिलते ही एसपी अशोक कुमार मीणा व अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी मार्तंड प्रकाश सिंह सीओ हरियावां अजीत चौहान मौके पर पहुंच गए और बचाव कार्य का जायजा लिया। पुलिस ने तत्काल गोताखोरों को बुलाकर सर्च ऑपरेशन शुरू कराया लेकिन अभी उसका कुछ पता नही चला है। एएसपी ने बताया कि एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंच रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित