हरदोई , अगस्त 03 -- उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में सावन के प्रथम सोमवार को भगवान शिव का जलाभिषेक कर लौट रहे तीन युवकों की आस्था यात्रा उस समय दर्दनाक हादसे में बदल गई, जब गंगा स्नान के दौरान तीनों तेज बहाव की चपेट में आ गए। ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए एक युवक को सुरक्षित बचा लिया, जबकि दो युवक गंगा में लापता हो गए।

पुलिस और प्रशासन की टीम गोताखोरों की मदद से कई घंटों से उनकी तलाश में जुटी है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार अरवल थाना क्षेत्र के चौसार गांव निवासी नारद (20) पुत्र गोविंद, ऋषि (15) पुत्र छदामे तथा शिवम (21) पुत्र सुनील सोमवार को कन्नौज स्थित गौरी शंकर मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक करने गए थे। दर्शन-पूजन के बाद लौटते समय सुबह करीब 7:15 बजे तीनों कुसुमखोर गंगा घाट पर स्नान करने लगे।

इसी दौरान गंगा में बाढ़ के कारण तेज बहाव होने से तीनों का संतुलन बिगड़ गया और वे गहरे पानी में बहने लगे। शोर सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल बचाव के लिए नदी में उतरे और शिवम को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि नारद और ऋषि तेज धारा में लापता हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही सवायजपुर के उपजिलाधिकारी अंकित तिवारी, थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह, नायब तहसीलदार राजेश कुमार पटेल, फायर इंस्पेक्टर चौहान गौतम सहित पुलिस, राजस्व और फायर विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। गोताखोरों की सहायता से गंगा नदी में दोनों लापता युवकों की तलाश के लिए सघन अभियान चलाया जा रहा है। हालांकि कई घंटे बीत जाने के बाद भी दोनों का कोई सुराग नहीं मिल सका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित