हरदोई , सितम्बर 21 -- उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले के अतरौली क्षेत्र में रविवार रात कुत्ते को चप्पल मारने को लेकर हुयी मारपीट में चार लोग गंभीर रुप से घायल हो गये।

मामला क्षेत्र के प्रहलादखेड़ा गांव में घर के बाहर चारपाई पर सो रहे मुनेश (29) की चप्पल रामेंद्र का कुत्ता उठाकर ले गया। मुनेश ने कुत्ते को दूसरी चप्पल फेंककर मार दी। आरोप है कि इसी बात से रामेंद्र नाराज हो गया और विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि रामेंद्र, उसकी मां और पत्नी, नागेंद्र, उसकी पत्नी और उनके बेटे कमलेंद्र व शैलेंद्र ने मुनेश को लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। शोर सुनकर मुनेश को बचाने उसका भाई दीपू (25), पत्नी लक्ष्मी और चाची रामदेवी दौड़े, लेकिन आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें भी नहीं बख्शा और लाठी-डंडों से पीट दिया। मारपीट में मुनेश समेत चार लोग घायल हो गए।

घटना की सूचना डायल 112 पुलिस को दी गई। घायलों का आरोप है कि पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपियों को थाने नहीं ले गई। घायलों को उपचार के लिए भरावन सीएचसी ले जाया गया, जहां से सभी को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। सभी का इलाज जारी है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित