हरदोई , अप्रैल 28 -- उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले में हरदोई-सीतापुर मार्ग पर मंगलवार सुबह कार और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में निजी बारात घर के दो सफाई कर्मियों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार कोतवाली देहात क्षेत्र के इटौली गांव निवासी मुरली (55) सीतापुर रोड स्थित एक निजी बारात घर में सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे। उनके साथ फर्रुखाबाद जनपद के थाना अमृतपुर क्षेत्र के हरसिंहपुर निवासी उनके साढ़ू राजीव (36) भी उसी पैलेस में सफाई कर्मचारी थे। बताया गया कि सोमवार शाम दोनों इटौली गांव गए थे और मंगलवार सुबह बाइक से वापस काम पर लौट रहे थे। इसी दौरान मुरलीगंज के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। टक्कर लगते ही कार के एयरबैग खुल गए, जिससे कार में बैठे आगे के दोनों लोग सुरक्षित बच गए। दुर्घटना के कारण कुछ देर तक मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।

शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि जिला अस्पताल से मिली सूचना के आधार पर पंचनामा भरकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित