हरदोई , जुलाई 9 -- उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले के कोतवाली इलाके में गुरुवार को बावन चुंगी के पास एटीएम से पैसे निकालने गए एक सफाई कर्मचारी की एटीएम गेट में उतरे करंट लगने से मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, कोतवाली शहर क्षेत्र के रुकमनापुर के रहने वाले मनोज कुमार आज दोपहर करीब तीन बजे एटीएम से पैसे निकालने पहुंचे थे। जैसे ही उन्होंने एटीएम के केबिन का गेट खोला, उसमें उतर रहे जोरदार करंट की चपेट में आ गए। करंट लगते ही वह वहीं पर बेसुध होकर गिर पड़े।आसपास मौजूद लोगों ने जब मनोज को बेसुध हालत में देखा,तो तुरंत उन्हें आनन-फानन में हरदोई मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। हालांकि,तब तक काफी देर हो चुकी थी।

डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद मनोज कुमार को मृत घोषित कर दिया।मृतक मनोज कुमार मल्लावां विकासखंड के सुमेरपुर गांव में सफाई कर्मचारी के पद पर तैनात थे।उनकी असमय मौत से परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची।पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की बारीकी से जांच की जा रही है कि आखिर एटीएम के गेट में करंट कैसे उतरा,और इसके लिए कौन जिम्मेदार है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित