हरदोई , मार्च 8 -- उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले के पाली थाना क्षेत्र के ग्राम निजामपुर में रविवार सुबह एक किसान का शव आम के पेड़ से फंदे पर लटका मिलने से गांव में हड़कंप मच गया।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम निजामपुर निवासी हरीराम (55) पुत्र ठकुरी रविवार सुबह करीब पांच बजे घर से निकले थे। कुछ समय बाद करीब आठ बजे गांव के दक्षिण-पूर्व दिशा में स्थित एक बाग में आम के पेड़ पर उनका शव फंदे से लटका मिला। घटना की खबर फैलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

बताया गया कि हरीराम चार भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके छोटे भाई अशोक, कमलेश और सतीश हैं। मृतक के परिवार में पांच बच्चे हैं, जिनमें तीन पुत्र सुभाष (विकलांग), राजीव और संजीव तथा दो पुत्रियां शामिल हैं। परिजनों के अनुसार संजीव की शादी तय हो चुकी थी और गेहूं की फसल पकने के बाद विवाह की तैयारी की जा रही थी।

हरीराम खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। ग्रामीणों के अनुसार घरेलू विवाद के चलते आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित