हरदोई , जून 15 -- उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले की शाहाबाद नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) कृष्ण कुमार सोनकर को लखनऊ विजिलेंस टीम ने सोमवार को दोपहर दो लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि नगर पालिका के एक बिजली ठेकेदार के लंबित भुगतान को जारी करने के एवज में ईओ ने रिश्वत की मांग की थी। विजिलेंस की इस कार्रवाई से नगर पालिका और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार बिजली ठेकेदार सुदेश गुप्ता ने विजिलेंस विभाग से शिकायत की थी कि शाहाबाद नगर पालिका में कराए गए कार्यों के भुगतान के लिए अधिशासी अधिकारी कृष्ण कुमार सोनकर दो लाख रुपये की रिश्वत मांग रहे हैं। शिकायत के बाद विजिलेंस टीम ने मामले का सत्यापन किया और कई दिनों तक निगरानी करने के बाद ट्रैप ऑपरेशन की योजना बनाई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित