हरदोई , अगस्त 1 -- उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले की संडीला पुलिस ने दोहरे हत्याकांड का खुलासा करते हुए तीन बाल अपचारियों सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, प्रेम प्रसंग को लेकर रची गई सुनियोजित साजिश के तहत दो युवकों की हत्या की गई थी। मृतकों में एक युवक लखनऊ का हिस्ट्रीशीटर भी बताया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) सुबोध गौतम ने शनिवार को बताया कि 30 जुलाई को संडीला कोतवाली क्षेत्र के आटामऊ गांव स्थित निर्माणाधीन पानी की टंकी के पास सड़क किनारे दो युवकों के रक्तरंजित शव बरामद हुए थे। उनकी पहचान अभिषेक उर्फ बबलू और अरुण चौरसिया के रूप में हुई थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि अरुण चौरसिया कछौना थाना क्षेत्र के रैंसो गांव का निवासी था और निर्माणाधीन पानी की टंकी पर पिकअप चालक के रूप में कार्य करता था। पुलिस के अनुसार, उसका तकिया गांव की 14 वर्षीय किशोरी से प्रेम संबंध था। इस संबंध का पता चलने पर किशोरी के 16 वर्षीय भाई ने कई बार अरुण को उससे दूर रहने के लिए कहा, लेकिन बात नहीं बनी।
पुलिस के मुताबिक, इसके बाद किशोरी के भाई ने अपने साथियों प्रमोद, कुलदीप तथा अन्य लोगों के साथ मिलकर अरुण की हत्या की साजिश रची। वारदात से दो दिन पहले खेत से बांस काटकर डंडे तैयार किए गए और उन्हें निर्माणाधीन पानी की टंकी के पास एक खंडहर में छिपा दिया गया। वहीं एक तमंचा भी पहले से रख दिया गया था।
29 जुलाई की शाम प्रमोद ने अरुण को कोल्ड ड्रिंक पार्टी के बहाने बुलाया। अरुण के साथ उसका मित्र अभिषेक भी वहां पहुंच गया, जो पिछले कुछ दिनों से उसके साथ काम कर रहा था। रास्ते में कोल्ड ड्रिंक, प्लास्टिक के गिलास और नमकीन खरीदे गए और सभी खंडहर की छत पर बैठकर पार्टी करने लगे।
पुलिस के अनुसार, कुछ देर बाद सभी नीचे उतरे, जहां पहले से तय योजना के तहत किशोरी के भाई ने बांस के डंडे से अरुण पर हमला कर दिया। अभिषेक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन अन्य आरोपियों ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद दोनों पर बांस के डंडों, ईंटों और पत्थरों से हमला किया गया। पुलिस का दावा है कि अरुण के जीवित होने का आभास होने पर उसके चेहरे पर तमंचे से गोली मार दी गई।
वारदात के बाद आरोपी दोनों मृतकों के मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए और घटना में प्रयुक्त हथियार छिपा दिए। एएसपी ने बताया कि जांच के दौरान एक महत्वपूर्ण सुराग तब मिला जब परिजनों ने बताया कि अरुण घर से निकलते समय प्रमोद के साथ पार्टी में जाने की बात कहकर गया था। इसी आधार पर तकनीकी साक्ष्यों, सर्विलांस और पूछताछ के जरिए पुलिस ने पूरी साजिश का खुलासा कर दिया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तमंचा, खोखा कारतूस, दोनों मृतकों के मोबाइल फोन, बांस के डंडे, कोल्ड ड्रिंक की बोतल, प्लास्टिक के गिलास तथा अन्य साक्ष्य बरामद कर लिए हैं। पुलिस ने मामले में तीन बाल अपचारियों को बाल न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत अभिरक्षा में लिया है, जबकि अन्य दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, मामले की विवेचना जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित