खरगोन , सितंबर 15 -- मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के टांडा बरूड़ में हरतालिका तीज का उपवास खोलने के बाद रबड़ी खाने से करीब छह बच्चों समेत 38 लोगों के बीमार होने का मामला सामने आया है। इनमें से 15 मरीजों को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
खरगोन के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डीएस चौहान ने मंगलवार को टांडा बरूड़ पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि सोमवार शाम हरतालिका तीज का उपवास खोलने के बाद महिलाओं और बच्चों ने टांडा बरूड़ स्थित एक होटल से रबड़ी खरीदकर खाई थी। इसके कुछ घंटे बाद रात में कई लोगों को पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी।
श्री चौहान ने बताया कि सोमवार देर रात तक करीब छह बच्चों समेत 36 लोग बीमारी की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंचे थे, जबकि मंगलवार को दो और लोग उपचार के लिए आए। इस तरह प्रभावित लोगों की संख्या 38 हो गई। कुछ लोग खरगोन के निजी अस्पतालों में भी उपचार करा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रबड़ी के नमूने जांच के लिए लिए हैं। इसके अलावा प्रभावित लोगों के घरों से भी नमूने लिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही बीमारी के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा।
जिला अस्पताल में भर्ती मरीज शालिनी पटवा ने बताया कि उन्होंने शाम करीब चार बजे रबड़ी खाई थी और रात करीब नौ बजे से उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। खरगोन जिला अस्पताल की सिविल सर्जन डॉ. राजकुमारी देवड़ा ने बताया कि फिलहाल आठ मरीज जिला अस्पताल में भर्ती हैं। उन्होंने बताया कि कय्यूम खान के परिवार के पांच सदस्य भी प्रभावित हुए हैं।
टांडा बरूड़ थाना प्रभारी इलाप सिंह मुजाल्दे ने बताया कि प्रभावित लोगों ने बस स्टैंड स्थित पवन श्रीवास की दुकान से रबड़ी खरीदकर खाने की बात कही है। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थ के नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में भर्ती सभी मरीजों की स्थिति फिलहाल स्थिर है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित