रायपुर , सितंबर 14 -- भारतीय जनता पार्टी की राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने हरतालिका तीज के अवसर पर प्रदेश की महिलाओं और समस्त प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व त्याग, तपस्या, समर्पण और अटूट आस्था का अनुपम संगम है।

सुश्री वर्मा ने सोमवार को अपने शुभकामना संदेश में कहा कि हरतालिका तीज भारतीय संस्कृति में नारी शक्ति की दृढ़ इच्छाशक्ति, आस्था और पारिवारिक मूल्यों की महत्ता को रेखांकित करता है। माता पार्वती ने भगवान शिव को पति रूप में प्राप्त करने के लिए कठिन तप किया था और यह पर्व उसी भक्ति एवं संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने भगवान शिव और माता पार्वती से प्रदेश की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

उन्होंने राज्य में महिला सशक्तीकरण के लिए किए जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली सरकार महिलाओं को सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में काम कर रही है। महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख से अधिक पात्र विवाहित महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता डीबीटी के माध्यम से दी जा रही है।

सुश्री वर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन 'बिहान' और स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आजीविका गतिविधियों, कौशल प्रशिक्षण और वित्तीय संसाधनों से जोड़ा जा रहा है। महिलाओं की वार्षिक आय एक लाख रुपये से अधिक करने के लक्ष्य के साथ उन्हें स्वरोजगार और उद्यमिता के अवसर उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित