लखनऊ , मई 08 -- लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के ख़िलाफ़ गुरुवार को मिली हार आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की चौथी हार थी। पिछले सीजन जब टीम ने अपना पहला आईपीएल ख़िताब जीता था, तब पूरे टूर्नामेंट में उन्हें सिर्फ़ चार ही हार मिली थी।
क्या इसका मतलब इस बार टीम के प्रदर्शन में तीव्रता की कमी है? कप्तान रजत पाटीदार ऐसा नहीं मानते। उनका कहना है, "हम इस सोच के साथ नहीं खेल रहे कि हमें ख़िताब डिफेंड करना है।"उन्होंने प्रेस कांफ़्रेंस में कहा, "हम इस सीजन डिफेंडिंग चैंपियन की तरह नहीं खेल रहे हैं। हमारे पास फिर से चैंपियन बनने का मौक़ा है। हमें आक्रामक क्रिकेट खेलनी है। हम रक्षात्मक माइंडसेट के साथ नहीं खेल रहे। यह नया सीजन है। 2025 में जो हुआ, वह बीत चुका है।"एलएसजी के ख़िलाफ़ मैच में लखनऊ का मौसम भी परेशानी बना, लेकिन 210 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी लंबे समय तक मुकाबले में बनी रही। हालांकि ख़राब पावरप्ले (जहां टीम ने 45 रन पर दो विकेट गंवाए) और मिडिल ओवर्स में 29 रन के अंदर तीन विकेट गिरने से टीम पिछड़ गई। पाटीदार ने कहा, "मैं शुरुआत मिचेल मार्श से करूंगा। उन्होंने इस विकेट पर शानदार बल्लेबाज़ी की। यह बल्लेबाज़ों के लिए अच्छी पिच थी। पावरप्ले में जिस तरह उन्होंने शुरुआत की, उससे हम पर दबाव आया।"उन्होंने आगे कहा, "उसके बाद हमारे गेंदबाज़ों ने जिस तरह मैच कंट्रोल किया, वह शानदार था। बीच में बारिश की वजह से ब्रेक मिला और हमें सोचने का समय भी मिला। कुल मिलाकर जिस तरह उन्होंने शुरुआत की और हमने मैच ख़त्म किया, उससे मैं काफी संतुष्ट हूं। जिस तरह हमने गेंदबाज़ी की और मैच को कंट्रोल किया, वह अच्छा था। अंत में हम सिर्फ़ दो शॉट पीछे रह गए। हम सिर्फ़ नौ रन से मैच हारे।"हालांकि यह बात सही है, लेकिन पाटीदार की 31 गेंदों में 61 रन की पारी और देवदत्त पड़िक्कल के साथ तीसरे विकेट के लिए 53 गेंदों में 95 रन की साझेदारी के बावजूद आरसीबी मुकाबले में आख़िर तक सिर्फ़ टिम डेविड की 17 गेंदों में 40 रन की पारी की वजह से बनी रही। इसके बाद भी आख़िरी ओवर में टीम को 20 रन चाहिए थे। दिग्वेश राठी ने सिर्फ़ 10 रन दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित