डरबन , अप्रैल 20 -- भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा कि वे छोटे प्रारुप में टीम के खराब प्रदर्शन से चिंतित नहीं है, हमें सकारात्मक सोच के साथ एकजुट रहने की जरुरत है।
भारत ने अपना लगातार दूसरा टी-20 मैच और इस साल का तीसरा मैच गंवा दिया, जब रविवार को यहां दक्षिण अफ्रीका ने उन्हें आठ विकेट से हरा दिया। इसके साथ ही पांच मैचों की सीरीज़ में प्रोटियाज़ के खिलाफ भारत 2-0 से पीछे हो गया है।
दक्षिण अफ्रीका से हार के बाद डरबन में मैच के बाद के हरमनप्रीत ने कहा, "यह मुश्किल समय है। एक टीम के तौर पर हमें एकजुट रहने की जरूरत है। उम्मीद है, हम (दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज़ के तीसरे मैच के लिए जोहान्सबर्ग) एक सकारात्मक सोच के साथ जाएंगे। टी-20 फॉर्मेट ऐसा ही होता है, इसमें एकजुट रहना ही सबसे ज़रूरी है।"आक्रामक सलामी बल्लेबाज़ शेफाली वर्मा (57) ने किंग्समीड में एक तेज़ अर्धशतक लगाकर भारत को शानदार शुरुआत दी, लेकिन पारी के आखिरी हिस्से में लगातार विकेट गिरते रहे। टॉस हारने और पहले बल्लेबाज़ी के लिए भेजे जाने के बाद, एशियाई टीम सिर्फ 147 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। मेजबान टीम ने 148 रनों के जीत के लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया। कप्तान लॉरा वोल्वार्ड्ट (54) और सुने लुस (57) ने जवाब में पहले विकेट के लिए 106 रनों की साझेदारी करके यह सुनिश्चित किया कि दक्षिण अफ्रीका आसानी से मैच जीत जाएं। भारत क्षेत्ररक्षण के दौरान भी कई मौकों को भुनाने में नाकाम रहा, और हरमनप्रीत जानती हैं कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में बने रहने के लिए उनकी टीम को जल्द से जल्द अपने खेल में सुधार करना होगा।
उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि बल्ले से हम वैसा योगदान नहीं दे पाए जैसा हम चाहते थे। पारी के आखिरी 10 ओवरों में हमने अच्छी बल्लेबाजी नहीं की। हमें सोचना होगा कि अगले तीन मैचों में हम कैसे खेलेंगे। जब आपके शॉट नहीं लग रहे होते, तो स्ट्राइक रोटेट करना एक अहम बात होती है। हम चर्चा कर रहे थे... कि हम स्ट्राइक रोटेट कर सकते हैं और इससे हमें उस मुश्किल समय से निकलने में मदद मिल सकती है। लेकिन यह एक ऐसा समय था जब चीजें हमारे पक्ष में नहीं रहीं। गेंदबाजी के दौरान पावरप्ले भी हमारे पक्ष में नहीं जा रहा है।"शेफाली वर्मा ने अपनी कप्तान की बातों से सहमति जताई और उन्हें लगता है कि भारत दक्षिण अफ्रीका सीरीज के बाकी मैचों और टी-20 विश्व कप के दौरान अपनी फॉर्म में जल्दी सुधार कर सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित