रांची , अप्रैल 14 -- झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने पाकुड़ में आज भारत रत्न बी.आर. अंबेडकर की जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमा पर विधिवत माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम में श्रद्धा और सम्मान का वातावरण देखने को मिला। मौके पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर भी उपस्थित थे।

मौके पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मंत्री डॉ. अंसारी ने कहा कि आज का दिन सामाजिक न्याय, समानता और अधिकारों की याद दिलाने वाला है। उन्होंने कहा कि उन्हें आज जामताड़ा में रहना चाहिए था, लेकिन पार्टी के महत्वपूर्ण कार्यक्रम में शामिल होने के लिए वे पाकुड़ पहुंचे हैं।

डॉ. अंसारी ने बाबा साहब को नमन करते हुए कहा: "अगर बाबा साहब नहीं होते, तो आज मैं मंत्री नहीं होता। देश के करोड़ों लोगों को उनका अधिकार नहीं मिल पाता। उन्होंने हमें संविधान के जरिए बराबरी का हक दिया, जिसे हमें हर हाल में सुरक्षित रखना है।" उन्होंने आगे कहा कि बाबा साहब के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं और समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण और सामाजिक समरसता के संकल्प के साथ हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित