हमीरपुर , दिसम्बर 15 -- उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र में विधवा महिला की हत्या कर शव को नहर के किनारे फेंक दिया। पुलिस ने सोमवार को शव बरामद कर तीन के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।

पुलिस के मुताबिक क्षेत्र के बरदहा गांव निवासी 35 वर्षीय महिला पति की मौत के बाद मजदूरी करके अपने परिवार का भरण पोषण करती थी। मृतका के पिता ने पुलिस को बताया कि सोमवार की सुबह उसकी बेटी का शव संजय कुमार के खेत में पड़ा मिलने की उसे सूचना मिली। उसके नाती ने पुलिस को बताया कि रविवार की शाम तीन लोग घर आए थे और उसकी मां को अपने साथ ले गए थे। रात भर मां के घर न आने पर सुबह खोजबीन की गई तो उसका शव खेत में अर्धनग्न अवस्था में पड़ा मिला।

मृतका के पिता ने आरोप लगाया है कि घर से अपने साथ ले जाने वाले बबलू निषाद सोनू श्रीवास व एक अन्य व्यक्ति के द्वारा उसकी बेटी की गला कसकर हत्या की गई है। मृतका के शरीर में चोट के भी निशान है। वहीं महिला का शव अर्धनग्न अवस्था में मिलने पर दुष्कर्म की भी आशंका जताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलने पर फील्ड यूनिट की टीम ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच पड़ताल की। जहां पर शराब की बोतल, डिस्पोजल समेत अन्य चीजें बरामद हुई हैं। वहीं महिला को करीब सौ मीटर तक घसीटनें के भी निशान पुलिस को मिले हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित