हमीरपुर , अक्टूबर 06 -- उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले की दोनों विधानसभा क्षेत्रों में डॉ. भीमराव आंबेडकर समेत अन्य महापुरुषों की प्रतिमाओं का जीर्णोद्धार कराया जाएगा। इसके लिए शासन ने दो करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया है। हमीरपुर सदर और राठ विधायकों ने संबंधित गांवों की सूची समाज कल्याण विभाग को सौंप दी है। कार्यदायी संस्था ग्रामीण अभियंत्रण विभाग (आरईएस) को नामित किया गया है।

जिला समाज कल्याण अधिकारी हिमांशु अग्रवाल ने मंगलवार को बताया कि शासन ने डॉ. बीआर आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के तहत बाबा साहब आंबेडकर और अन्य महापुरुषों की प्रतिमाओं के जीर्णोद्धार के निर्देश दिए हैं। इसके तहत राठ विधायक मनीषा अनुरागी ने राठ क्षेत्र के सैदपुर, कुर्रा, अकौना और चिल्ली गांवों में स्थापित डॉ. आंबेडकर की प्रतिमाओं समेत बीएनवी डिग्री कॉलेज में स्थापित स्वामी ब्रह्मानंद की प्रतिमा, जराखर में श्रीपत सहाय रावत तथा मगरौठ में दीवान शत्रुघ्न सिंह की प्रतिमा सहित कुल 11 स्थलों को सूची में शामिल किया है।

इसी प्रकार सदर विधायक मनोज प्रजापति ने हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र के कुरारा ब्लॉक के बचरौली, खरौज, शिवनीबेरी, छात्रावास हमीरपुर, पत्योरा, रहमानिया इंटर कॉलेज मौदहा, देवगांव, मौदहा के मीरा तालाब के पास, नगर पालिका हमीरपुर में स्थापित डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा तथा कुरारा में महर्षि वाल्मीकि की प्रतिमा समेत 11 स्थलों का चयन किया है।

श्री अग्रवाल ने बताया कि प्रतिमाओं के जीर्णोद्धार के लिए शासन से दो करोड़ रुपये का बजट प्राप्त हो गया है। जल्द ही यह धनराशि कार्यदायी संस्था आरईएस को उपलब्ध करा दी जाएगी, जिससे कार्य शुरू कराया जा सके।

उन्होंने बताया कि शासन ने कार्य के लिए मानक निर्धारित किए हैं और उन्हीं के अनुसार काम कराया जाएगा। इनमें प्रतिमाओं के चारों ओर रेलिंग, चबूतरा, प्रतिमा के ऊपर छत, बैठने के लिए बेंच-कुर्सियां और बागवानी समेत अन्य कार्य शामिल हैं। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित