हमीरपुर , जुलाई 23 -- उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के राठ क्षेत्र में गुरुवार शाम तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से खेत में दवा का छिड़काव कर रहे एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि खेत मालिक समेत दो अन्य लोग झुलस गए। घायलों का उपचार अस्पताल में चल रहा है।

पुलिस के अनुसार राठ क्षेत्र के औडेरा गांव निवासी किसान बृजेश राजपूत गुरुवार शाम अपने खेत में फसल पर दवा का छिड़काव कराने के लिए गांव के मजदूर आशाराम विश्वकर्मा (65) और खूबचंद को साथ लेकर गए थे। दवा का छिड़काव चल ही रहा था कि अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान खेत पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से आशाराम विश्वकर्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि खेत मालिक बृजेश राजपूत और मजदूर खूबचंद गंभीर रूप से झुलस गए।

परिजनों ने दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए राठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित