हमीरपुर , जुलाई 13 -- उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के राठ क्षेत्र में अवैध संबंधों के विवाद में एक युवक ने बड़े भाई की गड़ासे से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस सूत्रों के अनुसार राठ क्षेत्र के स्यावरी गांव निवासी हरदयाल और उसके बड़े भाई श्याम बिहारी राजपूत (65) के मकान पास-पास स्थित हैं। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि श्याम बिहारी के अपने छोटे भाई हरदयाल की पत्नी से अवैध संबंध थे, जिसे लेकर दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।

बताया जाता है कि रविवार देर रात करीब एक बजे इसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और हरदयाल ने गड़ासे से श्याम बिहारी के गले पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से श्याम बिहारी की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सोमवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस क्षेत्राधिकारी सरीला शाहरुख खान और कोतवाली प्रभारी अनूप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित