हमीरपुर , जुलाई 30 -- उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के राठ क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते खेत में जानवर चरा रहे एक किसान की गांव के ही दबंगों ने कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार राठ क्षेत्र के कैथा गांव निवासी वीरपाल राजपूत (55) बुधवार को अपने खेत में जानवर चरा रहे थे। इसी दौरान गांव के रोहित, मोहित, उनके पिता द्रग सिंह तथा कुछ अन्य लोग वहां पहुंचे और पुरानी रंजिश को लेकर उन पर लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में वीरपाल की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक के भाई लखन राजपूत ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि करीब दो वर्ष पहले भी आरोपियों ने वीरपाल पर हमला कर उनके हाथ-पैर तोड़ दिए थे। उस मामले में पुलिस ने हत्या के प्रयास (धारा 307) के तहत मुकदमा दर्ज किया था। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।

पुलिस क्षेत्राधिकारी यशपाल सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित