हमीरपुर , मई 29 -- उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल की कोठी ढहने से छह मजदूरों की मौत के मामले में शासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सेतु निगम के सहायक अभियंता को निलंबित कर दिया है, जबकि जिला परियोजना प्रबंधक (डीपीएम) के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।

सूत्रों के अनुसार शुक्रवार तड़के करोड़ों रुपये की लागत से बन रहे पुल की कोठी गिरने से छह मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई थी। घटना के बाद मृतक मजदूरों के परिजनों और जनप्रतिनिधियों ने नाराजगी जताते हुए सवाल उठाया कि मौसम विभाग द्वारा दो दिन पहले से तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किए जाने के बावजूद रात में मजदूरों से काम क्यों कराया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सेतु निगम के प्रबंध निदेशक परमबीर सिंह ने शुक्रवार को घटनास्थल का निरीक्षण किया और प्रारंभिक जांच के दौरान विभागीय अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जाहिर की। इसके बाद शासन ने कार्रवाई करते हुए सेतु निगम के सहायक अभियंता गजेंद्र चौधरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। वहीं जिला परियोजना प्रबंधक (डीपीएम) दिलीप कुमार के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की गई है।

इस कार्रवाई के बाद सेतु निगम विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि सेतु निगम द्वारा जिले में निर्माणाधीन अन्य पुलों की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों की भी जांच कराई जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित