हमीरपुर , मई 7 -- उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के कुरारा ब्लॉक के कुतुपुर गांव में नाव पलटने से महिला समेत छह लोगों की मौत के मामले में समाजवादी पार्टी (सपा) ने पीड़ित परिवारों से मिलने के लिए दस सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल गठित किया है।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल द्वारा जारी पत्र के अनुसार यह प्रतिनिधिमंडल आठ मई को कुतुपुर गांव पहुंचकर मृतकों के परिजनों से मुलाकात करेगा तथा घटना की जानकारी प्राप्त करेगा। प्रतिनिधिमंडल में हमीरपुर-महोबा संसदीय क्षेत्र के सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी, जिलाध्यक्ष इदरीश खां, पूर्व सांसद विशम्भर निषाद, महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष रुक्मणी निषाद, पुष्पेंद्र यादव, रामप्रकाश प्रजापति, माया वाल्मीकि, राजबहादुर पाल, शुभकरण सिंह परिहार तथा अरुण सिंह यादव को शामिल किया गया है।

प्रदेश अध्यक्ष ने निर्देश दिए हैं कि प्रतिनिधिमंडल घटना स्थल का निरीक्षण करने के बाद अपनी रिपोर्ट प्रदेश कार्यालय को सौंपेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित