गाजा , जुलाई 07 -- हमास ने गाज़ा में अपनी सरकार को भंग करने की घोषणा की है । सीएनएन की रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है।
हमास के सरकारी मीडिया कार्यालय के प्रमुख इस्माइल अल-थवाबता ने सोमवार को कहा कि चरमपंथी समूह उस फ़िलिस्तीनी तकनीकी समिति को शासन सौंपने के लिए तैयार है जिसे समझौते के तहत इस इलाके का नेतृत्व करना है। हालांकि हमास के बयान में हथियार छोड़ने का कोई उल्लेख नहीं था, जो युद्धविराम समझौते के दूसरे चरण की मुख्य शर्तों में से एक है और जिसे इसने अब तक मानने से इनकार किया है। जानकारों का कहना है कि इस कदम से इज़रायल पर दबाव बढ़ेगा क्योंकि अमेरिका की मध्यस्थता वाली युद्धविराम योजना पर प्रगति रुक गई थी।
इस घोषणा से ज़मीनी स्थिति में बहुत कम बदलाव आएगा क्योंकि गाज़ा के जिस हिस्से पर इज़रायली सेना का कब्ज़ा नहीं है वहां हमास और उसके सुरक्षा बलों का मज़बूत नियंत्रण बना हुआ है। लेकिन इस सांकेतिक कदम से युद्धविराम समझौते पर ध्यान फिर से इज़रायल पर केंद्रित हो गया है क्योंकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू पर इस योजना के कुछ हिस्सों को आगे बढ़ाने के लिए दबाव डाला है। इसमें गाज़ा में पायलट एरिया बनाना शामिल है, जहां फ़िलिस्तीनी एक तकनीकी समिति की देखरेख में रहेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित