बागपत , अक्टूबर 26 -- उत्तर प्रदेश में बागपत के ककोर कलां गांव में 'घुमंतू गौरव समागम' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने सहभागिता की।
सोमवार को आयोजित इस कार्यक्रम में विमुक्त, घुमंतू एवं अर्ध-घुमंतू समुदाय के सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षिक उत्थान, सम्मान और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
श्री अरुण ने कहा कि घुमंतू समाज का इतिहास गौरवशाली रहा है। हमारे पुरखों ने जीवन पर्यंत आक्रांताओं और अंग्रेजों के दमन के खिलाफ संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि विमुक्त, घुमंतू एवं अर्ध-घुमंतू समुदाय को शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और रोजगार से जुड़ी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए सरकार द्वारा विभिन्न स्तरों पर प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि 'घुमंतू विकास बोर्ड' के गठन की स्वीकृति के बाद अब 'घुमंतू विकास मिशन' शुरू किया जाएगा। इस मिशन के माध्यम से समाज के लोगों को आधार कार्ड, आय प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज बनवाने में सहायता प्रदान की जाएगी, जिससे वे विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि भूमिहीन विमुक्त एवं घुमंतू परिवारों को भूमि आवंटन और पट्टा वितरण के माध्यम से आवासीय अधिकार दिलाने के साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पात्र परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य इन समुदायों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करते हुए विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह ने कहा कि विमुक्त एवं घुमंतू समुदाय को समाज की मुख्यधारा में लाना प्राथमिकता है। बिजली, शुद्ध पेयजल, शौचालय और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं से आच्छादित कर इन परिवारों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इन सुविधाओं से बच्चों की शिक्षा, महिलाओं की सुरक्षा और परिवारों के लिए स्थायी आजीविका के अवसरों को बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण, गन्ना, सहकारिता, महिला कल्याण, आय एवं जाति प्रमाण पत्र तथा बाल विकास एवं पुष्टाहार सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से गोद भराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक देवेंद्र कुमार पांडेय, परियोजना निदेशक राहुल वर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी नीलम सिंह चौहान, जिला कार्यक्रम अधिकारी नागेंद्र मिश्रा ,जिला गन्ना अधिकारी अशर्फीलाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित