तेहरान , मार्च 08 -- ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने कहा है कि ईरान पर हमला करने वालों के खिलाफ देश मजबूती से खड़ा है और किसी भी आक्रामकता का जवाब पूरी ताकत के साथ दिया जाएगा।

ईरानी सरकारी मीडिया के अनुसार, श्री पेज़ेश्कियान ने एक अस्पताल में घायलों से मुलाकात के बाद यह टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि उनके पहले दिए गए बयान को गलत तरीके से पेश किया गया, जिससे यह धारणा बनायी गयी कि ईरान खाड़ी देशों पर हमले रोकने का निर्णय ले रहा है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि ईरान अपने पड़ोसी देशों के साथ अच्छे और भाईचारे वाले संबंध चाहता है। यदि किसी अन्य देश की जमीन से ईरान पर हमला किया जाता है, तो उसे जवाब देने के लिए मजबूर होना पड़ेगा, लेकिन इसका अर्थ यह नहीं है कि उन देशों के साथ उसका विवाद है।

श्री पेज़ेश्कियान ने कहा कि ईरान किसी भी हमले के सामने मजबूती से खड़ा रहेगा और उसका जवाब ताकत के साथ देगा। उन्होंने कहा कि सभी समस्याओं के बावजूद देश के लोग किसी भी राजनीतिक दल या गुट से ऊपर उठकर दुश्मन के खिलाफ एकजुट रहेंगे। उन्होंने कहा कि ईरान अपने क्षेत्र की रक्षा करेगा और किसी को भी देश की एक इंच भूमि पर कब्जा नहीं करने देगा।

इस बीच, एक सप्ताह से अधिक समय से जारी युद्ध के कारण ईरान में मानवीय संकट गहराता जा रहा है। रिपोर्टों के अनुसार संघर्ष में अब तक 1,300 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और लगभग एक लाख लोग विस्थापित हो गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित