भीलवाड़ा , मार्च 06 -- राजस्थान में भीलवाड़ा के कोतवाली थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक बार फिर माहौल गरमा गया।

हरणी महादेव रोड स्थित ओडों का खेड़ा बस्ती में पिछले दिनों हुए खूनी संघर्ष में घायल एक युवक की मौत की अफवाह फैलने के बाद आक्रोशित भीड़ ने आरोपी पक्ष के घरों पर पथराव कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। मामले में पुलिस ने अब तक दो महिलाओं सहित कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

कोतवाल शिवराज गुर्जर ने बताया कि ओडों का खेड़ा में पिछले दिनों दो पक्षों के बीच लाठी-भाटा जंग हुई थी, जिसमें महेंद्र, रतन और एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गये थे। गंभीर घायल महेंद्र को प्राथमिक उपचार के बाद उदयपुर भेजा गया था। शुक्रवार को जब उसे उदयपुर से वापस भीलवाड़ा जिला अस्पताल लाया गया, तो बस्ती में किसी ने उसकी मौत की अफवाह फैला दी। इस खबर से गुस्साये लोगों और महिलाओं की भीड़ ने आरोपियों के घरों पर हमला बोल दिया और पत्थरबाजी की।

तनाव की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस भारी जाप्ते के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके पर ही स्पष्ट किया कि महेंद्र जीवित है और जिला अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है। इसके बाद भीड़ को तितर-बितर करके बस्ती में शांति व्यवस्था कायम की गयी। सुरक्षा के मद्देनजर बस्ती में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

उधर, खूनी संघर्ष और हमले के इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अब तक छह लोगों को गिरफ्तार किया है। कोतवाल ने बताया कि गुरुवार को पेमा ओड, प्रकाश ओड और विनोद ओड को गिरफ्तार किया गया था, वहीं शुक्रवार को प्रकाशी, रतनी और रतन को भी सलाखों के पीछे भेज दिया गया है। फिलहाल बस्ती में शांति है और पुलिस स्थिति पर पैनी नजर रखे हुए है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित